छत्तीसगढ़

स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे और धर्म ध्वजा के साथ आगे बढ़ी भावना बोहरा की कांवड़ यात्रा, राष्ट्रभक्ति और सनातन आस्था का दिखा अद्भुत संगम,600 कांवड़ियों के साथ बोड़ला पहुंची यात्रा।

कवर्धा/बोड़ला।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर माँ नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव तक निकली 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा में राष्ट्रभक्ति और सनातन आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। यात्रा के छठवें दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने शासकीय विद्यालय डोंगरिया में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर उन्होंने करीब 600 कांवड़ियों के साथ बोड़ला की ओर पदयात्रा प्रारंभ की।

यात्रा के दौरान कांवड़ियों के एक हाथ में राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक तिरंगा,तो दूसरे हाथ में धर्म ध्वजा नजर आई। ‘भारत माता की जय’…बोल बम… और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा। यह दृश्य राष्ट्रप्रेम और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था का संदेश देता नजर आया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांवड़ियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। यात्रा पांडातराई नगर, गंडईकला रोड, कुसुमघटा,नेऊरगांव कला,तरेगांव मैदान रोड और खंतीपारा रोड होते हुए बोड़ला पहुंची। रास्तेभर क्षेत्रवासियों,भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न सामाजिक और हिंदू संगठनों ने पुष्पवर्षा,बाजे-गाजे और पारंपरिक स्वागत के साथ विधायक भावना बोहरा एवं कांवड़ियों का अभिनंदन किया।

अमरकंटक से शुरू हुई इस यात्रा में कांवड़ियों को घने जंगलों,पहाड़ी रास्तों,उफनती नदियों और तेज बारिश जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कांवड़ियों का उत्साह लगातार बना हुआ है। भगवान भोलेनाथ और मां नर्मदा के जयघोष के साथ कांवड़ियों के कदम लगातार भोरमदेव धाम की ओर बढ़ते रहे।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग,संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपनी संस्कृति, परंपराओं और आस्था के साथ गौरवपूर्वक जीवन जी रहे हैं। मां भारती के प्रति श्रद्धा और बाबा भोलेनाथ के प्रति आस्था हमारी शक्ति है। इसी भावना के साथ देश की एकता, अखंडता, सुख-समृद्धि और सर्वमंगल की कामना लेकर यह कांवड़ यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि एक हाथ में तिरंगा और दूसरे हाथ में धर्म ध्वजा भारतीय संस्कृति और धार्मिक चेतना का प्रतीक है। राष्ट्र सर्वोपरि है और अपनी संस्कृति एवं आस्था के प्रति गौरव हमारी पहचान है।

कल भोरमदेव में होगा जलाभिषेक

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सनातन संस्कृति में कांवड़ यात्रा का विशेष महत्व है। यह ऐसी आस्था की यात्रा है,जो सर्व समाज को भक्ति और एकता के सूत्र में जोड़ती है। इसी भावना के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना लेकर अमरकंटक से भोरमदेव तक कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है।

उन्होंने बताया कि छह दिनों की कठिन यात्रा के बाद अब अंतिम पड़ाव सामने है। 16 अगस्त को बोड़ला से भोरमदेव धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की मंगलकामना के साथ यात्रा का समापन होगा।

भावना बोहरा ने कबीरधाम जिले के सभी शिवभक्तों से 16 अगस्त को भोरमदेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने और इस पुण्य यात्रा के सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता,अखंडता और समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लेने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button