छत्तीसगढ़

CG – लोकसभा में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने उठाए रावघाट रेल परियोजना, नई ट्रेन सेवाओं एवं जगदलपुर स्टेशन के आधुनिकीकरण के मुद्दे…

लोकसभा में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने उठाए रावघाट रेल परियोजना, नई ट्रेन सेवाओं एवं जगदलपुर स्टेशन के आधुनिकीकरण के मुद्दे

रेल विकास से बस्तर को मिलेगी नई पहचान,मोदी सरकार कर रही तेज़ी से काम : सांसद महेश कश्यप

रेल नेटवर्क विस्तार और नई ट्रेन सेवाओं औऱ राजधानी रायपुर जुड़ने से बदलेगा बस्तर का भविष्य : सांसद महेश कश्यप

जिस बस्तर को कांग्रेस ने रेल सुविधाओं से वंचित रखा,वहां विकास की पटरी बिछा रही मोदी सरकार : महेश कश्यप

जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने लोकसभा में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बस्तर की रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न उठाए। सांसद ने रावघाट जगदलपुर रेल परियोजना की वर्तमान प्रगति,बस्तर से नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने के प्रस्ताव,किरंदुल विशाखापट्टनम रेलखंड पर यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा जगदलपुर रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित करने की योजना के संबंध में जानकारी मांगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने उत्तर में बताया कि रावघाट जगदलपुर नई रेल लाइन ( लम्बाई 140 किमी) परियोजना 3,513 करोड़ रूपये की लागत से स्वीकृत है। परियोजना के लिए आवश्यक 818 हेक्टेयर भूमि में से 249 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका हैl जगदलपुर पल्ली कुरकानार खंड में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुके हैं,जबकि रावघाट कुरकानार खंड में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह भी बताया कि बस्तर क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई नई रेल लाइनों का सर्वेक्षण किया गया है। साथ ही वर्तमान में जगदलपुर से 10 तथा दंतेवाड़ा एवं किरंदुल से 4-4 रेल सेवाएं संचालित हो रही हैंl नई ट्रेनों का संचालन परिचालन क्षमता एवं आवश्यकता के आधार पर किया जाएगा।

जगदलपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। यहां नए स्टेशन भवन,फुट ओवरब्रिज,प्लेटफॉर्म उन्नयन,प्रतीक्षालय,शौचालय,प्लेटफॉर्म शेल्टर सहित कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं तथा अन्य कार्य प्रगति पर हैं।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर में रेल नेटवर्क का विस्तार, नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत तथा आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस सरकारों ने बस्तर की उपेक्षा की। यदि समय रहते बस्तर को रेल मार्ग के माध्यम से राजधानी रायपुर से प्रभावी रूप से जोड़ दिया गया होता, तो क्षेत्र का विकास और अधिक तेज गति से होता। सांसद ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सहयोग से बस्तर की रेल अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा क्षेत्र में बेहतर रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button