CG – घर की रसोई में अचानक घुस आए भालू, फिर जो हुआ…..मची चीख-पुकार…..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रिहायशी इलाकों में भालुओं की आवाजाही से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। गोविंदपुर क्षेत्र में खाने की तलाश में एक भालू घर के अंदर घुस गया। किचन से बर्तनों की आवाज सुनकर परिवार के लोग सतर्क हुए। पास जाकर देखने पर उन्हें किचन के भीतर भालू नजर आया।
वहीं, सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में भी दो भालुओं ने घर में घुसने की कोशिश की। दोनों भालू दरवाजे तोड़ने का प्रयास करते रहे, जिससे इलाके में डर का माहौल बना रहा। लगातार रिहायशी इलाकों में भालुओं के पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
घर के किचन में घुसे भालू
गोविंदपुर की घटना के समय घर में सो रहे लोगों को अचानक किचन से बर्तनों और अन्य सामान के गिरने-खिसकने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो किचन के अंदर भालू मौजूद था। जैसे ही भालू की नजर परिवार के सदस्यों पर पड़ी, वह उनकी ओर झपटने लगा। घबराए परिवार के लोगों ने तुरंत अपने कमरों के दरवाजे बंद कर खुद को सुरक्षित किया। कुछ देर बाद वह खुद ही चले गए।
मौके पर पहुंच वन विभाग की टीम
सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में भी दो भालू घरों में घुसने की कोशिश करने लगे। इसकी भनक लगते ही लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क किया। इस दौरान भालू कॉलोनी के कई घरों में घुसने की कोशिश करते रहे और दरवाजे तोड़ने का प्रयास भी किया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कॉलोनीवासियों के साथ मिलकर भालुओं को खदेड़ा गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।



