CG- बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत : पंचायत सचिव भर्ती की अंतिम तिथि बढ़ी, अब इतने तारीख तक कर सकेंगे आवेदन…..

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में ग्राम पंचायत सचिव भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिली है। जिला प्रशासन ने भर्ती के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से अपना आवेदन भेज सकेंगे। अंतिम तिथि बढ़ाए जाने पर अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन का आभार जताया है।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण डाकघर में आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। इसके चलते पंचायत सचिव भर्ती के लिए आवेदन करने वाले कई अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण बेरोजगार युवाओं को आवेदन समय पर भेजने की चिंता सता रही थी।
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवाओं की परेशानी को मिडिया ने प्रमुखता से उठाया था। खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया। इससे अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने से अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। युवाओं ने जिला प्रशासन के इस निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित माध्यम से अपना आवेदन भेज सकते हैं।



