CG- खतरनाक तूफान अर्नब के बीच छात्रों का प्रदर्शन : 15 किमी पैदल चलकर पहुंचे मैनपुर, SDM-BEO कार्यालय का किया घेराव, जानिए क्या है मांग……

गरियाबंद। गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखंड मुख्यालय मैनपुर के ग्राम पंचायत बोईरगांव के आश्रित ग्राम ठेमली के नन्हें स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने शिक्षा के प्रति अपनी ललक और प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ जो जुझारूपन दिखाया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। स्कूल भवन जल्द बनाने की मांग को लेकर बच्चे अर्नब तूफान के बीच रेन कोट और छाते के सहारे 15 किमी पैदल चलकर मैनपुर पहुंचे। फिर बीईओ दफ्तर का घेराव किया। अफसर से आश्वासन मिला तो बच्चों ने एसडीएम दफ्तर की ओर कूच किया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
बच्चों के साथ मौजद पालक और जनप्रतिनिधि के बीच कई दौर के बातचीत के बाद बच्चे घेराव बंद कर तो दिया पर स्कूल भवन नहीं बनाए जाने पर शाला बहिष्कार की चेतावनी दे दी। जनपद सदस्य सुखचंद ध्रुव ने कहा कि जिस अतिरिक्त कक्ष के निर्माण के लिए पूर्ववर्ती सरकार ने पैसे दिए, पैसे आहरण भी हुए पर काम पूरा नहीं हुआ। इस प्रशासनिक उदासीनता के कारण 30 से ज्यादा बच्चे एक कमरे के भीतर पढ़ने को मजबूर हो गए हैं। पालकों ने बताया कि भवन निर्माण पूरा करने की मांग लगातार की गई। सरकार के विभिन्न जनसंपर्क अभियान में आवेदन दिए गए पर काम आज भी अधूरा है।
ठेमली में 8 लाख 32 हजार के अतरिक्त कक्ष की मंजूरी मिली थी। 80 फीसदी राशि ठेकदार को भुगतान किया गया पर कार्य 20 फीसदी भी पूर्ण नहीं हुआ। तात्कालिक कलेक्टर दीपक अग्रवाल के कार्यकाल में स्कूल जतन के तहत शिक्षा विभाग को मिले रकम खर्च करने ट्रॉइवल विभाग को एजेंसी बनाया गया था। अकेले मैनपुर ब्लॉक में 14 शौचालय के अलावा जतन योजना के तहत कुल 114 काम ट्रॉइवल विभाग कर रहा है। शिक्षा विभाग ने इस काम के लिए विभाग को 6 करोड़ से ज्यादा का भुगतान भी कर दिया है पर एजेंसी विभाग ने बगैर काम के प्रगति जांच, अनुपात से ज्यादा भुगतान ठेकेदारों को कर दिया है।
इस मामले में ट्रॉइवल डिपार्ट के सहायक आयुक्त लोकेश्वर पटेल ने कहा कि लिस्टिंग के बाद कार्यवाही और वसूली की प्रकिया जारी है। कुछ ठेकेदारों पर आरसीसी भी दर्ज किया गया है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में आगे भी कार्यवाही की जाएगी। लोकांश एल्मा एसडीएम मैनपुर ने कहा, पालक और बच्चों ने अपनी समस्या से अवगत कराया है, जिससे उच्च अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। बच्चे स्कूल भवन का काम पूरा कराने की मांग को लेकर पैदल आए थे। मांग पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।



