छत्तीसगढ़

CG- स्वास्थ्य केंद्र में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों को घेरा; स्वास्थ्य केंद्र में पर लगाए ये गंभीर आरोप…..

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पलारी नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में डॉक्टर ने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों को जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में इलाज की व्यवस्था और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बेदबाई साहू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने भर्ती कराया था। परिजनों का गंभीर आरोप है कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर मौजूद नहीं थे। नर्स ने ही जिद करके प्रसव करा दिया। परिवार लगातार डॉक्टर को फोन करता रहा, लेकिन डॉक्टर तब पहुंचे जब नवजात की मौत हो चुकी थी।

मृतका के पति तीरथ साहू और परिवार के मुखिया महेश साहू का कहना है कि बच्चे की मौत के बाद वे पत्नी को हायर सेंटर रेफर करने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन डॉक्टर ने महिला को स्वस्थ बताकर रेफर नहीं किया। बाद में जब हालत बिगड़ने पर धमतरी ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में महिला ने भी दम तोड़ दिया।

अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर नहीं

इस पूरे मामले पर जब डॉक्टर सुनील देवांगन से बात की गई तो उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार करते हुए पूरा ठीकरा सरकारी व्यवस्था पर फोड़ दिया। डॉक्टर सुनील का कहना है कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर नहीं हैं और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को ही डिलीवरी करानी पड़ती है। उन्होंने यह भी माना कि अस्पताल में केवल एक शिफ्ट का स्टाफ है, जिससे 24 घंटे काम लिया जा रहा है। बहरहाल, बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों के बजट के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर क्यों है?

Related Articles

Back to top button