CG- खूनी रंजिश: बुजुर्ग ने टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर युवक की ली जान, आरोपी गिरफ्तार…..

दुर्ग। पुरानी रंजिश पर बुजुर्ग ने अपने से आधी उम्र के गुंडे-बदमाश पर टंगिया से हमला कर दिया. घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर मामले की पड़ताल में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, भिलाई के खुर्सीपार स्थित उड़िया मोहल्ले में रहने वाले 60 साल के बुजुर्ग मुरली की 30 वर्षीय युवक विक्रम सोना से पुरानी रंजिश थी. दो दिन पहले आरोपी मुरली खेस और विक्रम सोना के बीच जमकर विवाद हुआ था. जिसके बाद आरोपी मुरली ने आज सुबह टांगिया लेकर विक्रम सोना पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया.
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना फौरन पुलिस को दी. मौके पर पुलिस पहुंची और बुरी तरह घायल हुए विक्रम सोना को सुपेला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच परीक्षण करने के बाद मौत की पुष्टि कर दी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी मुरली को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इलाके में आम लोगों से पूछताछ कर मामले की बारीकी से विवेचना की जा रही है.



