CG Heat Wave Alert : भीषण गर्मी का कहर,मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में लू की चेतावनी…

रायपुर समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में लू चलने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल माह के लिहाज से पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ चुका है। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राज्य के कई हिस्सों में गर्म हवाओं यानी लू का असर साफ देखा जा रहा है। बलौदा बाजार, महासमुंद, दुर्ग संभाग, बिलासपुर संभाग, बालोद, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में दिन के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
हालांकि बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में मामूली राहत मिल सकती है।
इसके अलावा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी और राजनांदगांव जिलों में विशेष रूप से लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 48 घंटे अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, जिसके बाद स्थिति में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है और तब येलो अलर्ट जारी किया जाएगा।
ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो अप्रैल महीने में तापमान के कई रिकॉर्ड पहले भी दर्ज हो चुके हैं। वर्ष 1942 में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा था। हाल के वर्षों में 22 अप्रैल 2025 को 44.4 डिग्री, 2016 में 44 डिग्री, 2018 में 41 डिग्री, 2024 में 42.8 डिग्री और 2023 में 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इस बार भी तापमान ने पुराने रिकॉर्ड को चुनौती दी है।
मौसम वैज्ञानिक सी.एस अवस्थी ने बताया कि फिलहाल उत्तर और मध्य भारत में चल रही गर्म हवाओं का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।



