छत्तीसगढ़

CG ब्रेकिंग : सीईओ, बाबू और भृत्य गिरफ्तार, सरपंच के बेटे से ले रहे थे रिश्वत, ACB की टीम ने तीनों को रंगे हाथों किया गिरफ्तार, कार्रवाई से मचा हड़कंप…..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती में ACB की टीम ने सीईओ, बाबू और भृत्य को 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। तीनों ने सरपंच के बेटे से चेक जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। आरोपियों ने रिश्वत की 1 लाख रकम ले चुके थे, दूसरी किस्त 1 लाख लेते एसीबी ने आज रंगे हाथ पकड़ा है।

दरअसल, अरुण भारद्वाज द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत की थी कि उसकी माता ग्राम लिमतरा, जिला सक्ती की सरपंच है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत् पंचायत के लिए निर्मल घाट व नाली निर्माण आदि के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत हुआ है जिसमें से 8 लाख रुपये का चेक जनपद पंचायत सक्ती से जारी हो चुका है। शेष 12 लाख का चेक जारी करने के लिए उसकी माता द्वारा उसे जनपद पंचायत सक्ती जाकर उस बारे मे आगे की कार्यवाही करने के लिये अधिकृत किये जाने पर शेष बचे 12 लाख रुपये का चेक जारी करने सीईओ जनपद सक्ती निखिल कश्यप और उसके बाबू अविनाश ठाकुर से निवेदन किया था।

दोनों ने चेक जारी करने के एवज में आरोपी सीईओ निखिल कश्यप और उसके बाबू अविनाश ठाकुर के द्वारा उससे कमीशन के रूप में 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी अविनाश ठाकुर द्वारा अपने कार्यालय के भृत्य लच्छन के माध्यम से प्रथम किश्त के रूप में 1 लाख रुपये पूर्व में ही ले लिया गया था। ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से आरोपीगण सीईओ जनपद पंचायत सक्ती निखिल कश्यप व सहयोगी बाबू अविनाश ठाकुर व भृत्य लच्छन भानू को अगली किश्त के रूप में शेष राशि 1 लाख रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

तीनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 7, 12 पीसीएक्ट 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

Back to top button