धमतरीनगरी

CG वनांचल में बढ़ा खौफ,मेचका गांव में तेंदुए की दस्तक, मवेशी का शिकार कर दहशत फैलाने वाली तस्वीरें वायरल,मचाया हड़कंप..!

धमतरी जिले के अंतिम छोर वनांचल क्षेत्र से एक बार फिर तेंदुए की गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में एक तेंदुआ मवेशी का शिकार करते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीरें मेचका गांव के आसपास की हैं, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, मेचका गांव के पास एक तेंदुए द्वारा मवेशी का शिकार किए जाने की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में तेंदुआ अपने शिकार के साथ दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल तस्वीरों की आधिकारिक पुष्टि अभी वन विभाग द्वारा नहीं की गई है, लेकिन इन तस्वीरों के सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय बढ़ गया है।

सिहावा और नगरी क्षेत्र घने जंगलों, पहाड़ियों और वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। यहां तेंदुए की मौजूदगी पहले भी दर्ज की जाती रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीव कई बार आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच जाते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ने लगती हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में तेंदुए द्वारा कई मवेशियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार बढ़ती गतिविधियों के कारण लोग अपने परिवार और पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है,शाम होते ही गांव के लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखा जा रहा है। वन विभाग जल्द कार्रवाई करे।

वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि शाम और रात के समय अकेले जंगल, पहाड़ी या सुनसान क्षेत्रों में जाने से बचें। अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

फिलहाल मेचका गांव और आसपास के इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button