CG- BTech इंजीनियरिंग स्टूडेंट बने चोर: बुजुर्ग महिलाओं को देखते ही बदल जाता था इरादा, पल भर में चैन स्नैचिंग कर हो जाते थे गायब, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे……

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने चैन स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों आरोपी बीटेक इंजीनियरिंग के छात्र हैं और एक ही कॉलेज में पढ़ाई करते हैं। पुलिस के अनुसार, पैसों की जरूरत के चलते दोनों ने चेन स्नैचिंग करने की योजना बनाई। इसके बाद बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देने लगे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
जाने पूरा मामला
दरअसल, 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में गीता देवी (62 वर्षीय) सुबह साढ़े 6 बजे घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक-युवती पहुंचे और पीछे बैठे आरोपी ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली। इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी को दोबारा निशाना बनाया गया।
लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
वहीं एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपी स्कूटी से सुबह के समय घूमते थे और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। एक युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक मौका मिलते ही चैन झपटकर फरार हो जाता था। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चैन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



