CG Bulldozer Action : 80 से अधिक घरों पर बुलडोजर एक्शन, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल, 1000 पुलिसकर्मी तैनात……

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे माना क्षेत्र के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 मकानों पर बुलडोजर चला दिया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने 32 मकान भी शामिल हैं। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और बुलडोजर के सामने खड़े हो गए, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ।
कार्रवाई को देखते हुए प्रशासन ने देर रात से ही गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। मौके पर 1000 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए थे। सोमवार सुबह जैसे ही जेसीबी मशीनें गांव में पहुंचीं, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। कई महिलाएं और बुजुर्ग अपने घरों के सामने बैठ गए, जबकि कुछ लोगों ने मशीनों के सामने खड़े होकर कार्रवाई रोकने की कोशिश की।
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान कई भावुक दृश्य भी देखने को मिले। लोग अपने घरों से जल्दबाजी में सामान निकालते नजर आए। कई परिवार खुले आसमान के नीचे अपने घरेलू सामान के साथ बैठे रहे। एक तस्वीर में एक बुजुर्ग व्यक्ति टूटे हुए मकान के मलबे पर मासूम बच्चे को गोद में लिए बेबस दिखाई दिए, जिसने पूरे घटनाक्रम को और भी मार्मिक बना दिया।
विवाद के बीच प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित लोगों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों में बसाने के लिए आवंटन प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का दावा है कि किसी भी परिवार को बेघर नहीं छोड़ा जाएगा।



