CG- कस्टम मिलिंग पर सरकार की सख्ती, धान उठाव पर लगी रोक! 15 जनवरी तक समितियों में ही जमा रहेगा धान….

रायपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की नई व्यवस्था ने जिला प्रशासन, सहकारी समितियों और राइस मिलर्स के सामने भंडारण व उठाव की नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। शासन के नए निर्देशों के तहत 15 जनवरी तक राइस मिलर्स को समितियों से सीधे धान उठाने के लिए डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में खरीदे गए धान के भंडारण की पूरी जिम्मेदारी अब समितियों को अपने ही परिसर में करनी होगी। केवल गंभीर विषम परिस्थितियों में ही टीओ (ट्रांसपोर्ट ऑर्डर) जारी कर धान को संग्रहण केंद्र भेजा जा सकेगा।
अब तक धान खरीदी शुरू होने के साथ ही समितियों से राइस मिलर्स तक धान पहुंचाने की प्रक्रिया समानांतर चलती रहती थी, जिससे समितियों पर भंडारण का दबाव कम रहता था। इस बार शासन ने नीति में बड़ा फेरबदल करते हुए खरीदी के दौरान सीधे उठाव पर रोक लगा दी है। कस्टम मिलिंग व्यवस्था में चावल की रिसाइकिलिंग और उससे जुड़ी अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। निगरानी सख्त होने से व्यवस्था में पारदर्शिता आने की उम्मीद है, लेकिन जमीनी स्तर पर भंडारण क्षमता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
नई व्यवस्था के चलते समितियों को धान खरीदी के बाद उसे लंबे समय तक अपने ही परिसर में सुरक्षित रखना होगा। जिन समितियों के पास पर्याप्त पक्के चबूतरे और भंडारण की समुचित जगह है, वहां स्थिति संभल सकती है, लेकिन सीमित जगह वाली समितियों के लिए धान संभालना बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। बारिश, नमी और सुरक्षा जैसी चुनौतियों के बीच पर्याप्त तिरपाल, चबूतरे और रखरखाव के इंतजाम करना अनिवार्य होगा।
शासन ने विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तय की है। यदि किसी समिति में धान रखने के लिए जगह उपलब्ध नहीं है या आवक के दबाव से गंभीर स्थिति बनती है, तो संबंधित एसडीएम समिति का भौतिक निरीक्षण करेंगे। जमीनी स्थिति का परीक्षण और पुष्टि होने के बाद ही जरूरत के मुताबिक धान को संग्रहण केंद्र भेजने के लिए टीओ जारी किया जा सकेगा। यानी अब केवल जगह की कमी बताने भर से धान संग्रहण केंद्र नहीं भेजा जा सकेगा।
धान उपार्जन केंद्र: उपार्जन केंद्रों में सीधे किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाता है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में लगभग 3,100 धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
जिलों में धान संग्रहण केंद्र (Paddy Storage Centers)
धमतरी: 7 राजनांदगांव: 7 रायपुर: 6 दुर्ग: 6 बिलासपुर: 6 महासमुंद: 5 मुंगेली: 5 जांजगीर: 5 बालोद: 4 रायगढ़: 4 कांकेर: 4 बलौदाबाजार: 3 कवर्धा: 2 कोरबा: 2 अंबिकापुर (सरगुजा): 2 सूरजपुर: 2 गरियाबंद: 1 बेमेतरा: 1 बलरामपुर: 1 जशपुर: 1 जगदलपुर (बस्तर): 1 कोंडागांव: 1 दंतेवाड़ा: 1



