CG – बुर्के में निकले लुटेरे : लूट के माल के बंटवारे पर हुआ विवाद, खुल गया पूरा राज, आधा दर्जन गिरफ्तार…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पिस्टल की नोक पर लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोटा क्षेत्र में सक्रिय इस गैंग के मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल, लूटे गए सोने के जेवरात, एक कार, एक बाइक और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह सुनियोजित तरीके से लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गिरोह का मुख्य सरगना मंझगांव निवासी राकेश जायसवाल था। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर इन वारदातों की साजिश रची थी। वारदात के लिए आरोपी सनी सिंह उसे मध्य प्रदेश के रीवा ले गया था, जहां उसने अपने भाई के जरिए अवैध पिस्टल उपलब्ध कराई। इसके बाद 18 जुलाई को आरोपियों ने बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर पर धावा बोला। मारपीट की और हथियार का डर दिखाकर करीब 50 हजार रुपए कीमत के सोने के जेवर लूट लिए। इससे पहले 8 जुलाई को इसी गिरोह ने बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये का कलेक्शन लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को सलका डैम मोड़ के पास धक्का देकर बैग लूट लिया था।
लूट की रकम के बंटवारे को लेकर विवाद से खुली पोल
लूट के करीब डेढ़ महीने बाद 2 सितंबर को कोटा पेट्रोल पंप के पास लुटेरों के बीच आपस में मारपीट हो गई। इनमें से एक युवक सीधे थाने पहुंच गया और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब विवाद के कारणों को लेकर अलग-अलग तरीके से सख्ती से पूछताछ की, तो शिकायतकर्ता ने पूरी सच्चाई उगल दी। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को दिनभर धरपकड़ अभियान चलाकर सभी आरोपियों को दबोच लिया और शुक्रवार को मामले का खुलासा कर दिया।
सराफा कारोबारी को बेचा था लूट का सोना
लूट के बाद आरोपियों ने हर्ष नामदेव के जरिए फिरंगीपारा निवासी सराफा कारोबारी हर्ष सोनी को सोने के जेवर बेच दिया था। कोटा पुलिस और साइबर टीम ने घेराबंदी कर मास्टरमाइंड राकेश, दिव्यांशु, आदर्श, हर्ष नामदेव, चोरी के आभूषण खरीदने वाले हर्ष सोनी और हथियार सप्लायर सनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस टीम की इस सफलता पर उनकी सराहना करते हुए कैश रिवार्ड की घोषणा की है।



