CG-हॉस्टल में रैगिंग का खौफनाक चेहरा, जूनियर्स के साथ मारपीट, दो छात्रों का सिर फूटा, प्रबंधन पर लगे ये गंभीर आरोप…..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में रैगिंग के नाम पर दो छात्रों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 12वीं कक्षा के छात्रों ने 11वीं के दो छात्रों के सिर पर लोहे के कड़े से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद परिजनों को इसकी खबर मिली। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर घटना की जानकारी समय पर नहीं देने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। उन्होंने दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
रैगिंग के नाम पर फोड़ा सिर
दरअसल, घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के प्रयास आवासीय विद्यालय का हैं। जहां स्कूल हॉस्टल में 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने रैगिंग के दौरान 11वीं कक्षा के दो छात्रों के सिर फोड़ दिए। मौके पर दोनों छात्र बेहोश हो गए। आरोप है कि लहूलुहान हालत के बावजूद प्रबंधन ने घायल छात्रों के परिजनों को सूचना नहीं दी।
4 नाबालिग पर मामला दर्ज
मामले में पुलिस से शिकायत के बाद परिजनों को सूचना मिली। 4 नाबालिग के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है। स्कूल में पढ़ने वाले अन्य छात्रों में डर का माहौल है, जबकि परिजनों ने अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
घायल छात्र प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को ने बताया कि उनके बेटे द्वारा कॉल पर घटना की जानकारी दी गई। स्कूल हॉस्टल में सिनियर छात्रों ने रैंगिग के दौरान मारपीट की बात बताई गई है। उन्होंने हॉस्टल अधीक्षक और प्राचार्य पर घटना की जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया। वहीं मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।



