छत्तीसगढ़

CG- कॉलेज छात्र ने की आत्महत्या: इंस्टाग्राम पर ‘आशिकी-2’ का लगाया स्टेटस, फिर डैम में लगा दी छलांग, इकलौते बेटे की मौत से सदमे में परिजन……

अंबिकापुर। शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर घुनघुट्टा डेम में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की डूबने से मौत हो गई। घटना से पहले युवक ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘आशिकी-2’ का स्टेटस लगाया था। इसके कुछ देर बाद उसने डेम में छलांग लगा दी। शुक्रवार दोपहर SDRF की टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक का शव डेम के गेट के पास से बरामद किया।

मृतक की पहचान मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रीतिक गुरुवार दोपहर बाद स्कूटी से घुनघुट्टा डेम पहुंचा था। वहां मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों के अनुसार, युवक ने अचानक डेम में छलांग लगा दी। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

शुक्रवार को SDRF की टीम ने डेम में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद रीतिक का शव डेम के गेट के पास फंसा हुआ मिला। शव बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद मृतक के परिजन सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आशिकी-2 का स्टेटस चर्चा में

उत्साही कालेज छात्र की डैम में डूबने से मौत को लेकर कोई कारण सामने नहीं आया है। जब दोस्तों और परिचितों ने उसके इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म के आइडी को जांचना शुरू किया तो इंस्टाग्राम में स्टेटस दिखा। दोस्तों ने बताया कि डेम जाने से कुछ देर पहले रीतिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म आशिकी-2 का एक दृश्य स्टेटस के रूप में लगाया था। उल्लेखनीय है कि फिल्म आशिकी-2 में भी हीरो अंत में पुल के ऊपर खड़े होकर पानी में छलांग लगा देता है। हालांकि युवक ने जो स्टेटस लगाया था और उसकी मौत के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

मां कर रही थी पालन-पोषण,परिवार सदमे में

रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कई वर्ष पूर्व मैनपाट क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां अपने मायके बिलासपुर चौक में आकर रहने लगी और काम कर दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। रीतिक इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है। स्वजन के अनुसार रीतिक पढ़ने में मेधावी था।

उसने इस वर्ष शहर के एक निजी स्कूल से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और इसी वर्ष कॉलेज में प्रवेश लिया था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि आखिर रितिक ने ऐसा कदम क्यों उठाया ? पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button