CG – सुतर्रा-अचानकपुर मार्ग पर रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण बना मुसीबत हल्की बारिश में ही कीचड़-दलदल से फिसलन भरा हुआ कच्चा वैकल्पिक मार्ग पैदल चलना भी दूभर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी पढ़े पूरी ख़बर
कोरबा//नेशनल हाइवे मार्ग पर सुतर्रा स्थित ओवर ब्रिज से अचानकपुर जाने वाले मार्ग पर रेलवे द्वारा अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान आवागमन के लिए इसके किनारे से एक वैकल्पिक कच्चा मार्ग बनाया गया है, जो पहली ही हल्की बारिश में बदहाल और मिट्टी फिसलन भरा हो गया है। जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके की तस्वीर में साफ दिख रहा है कि निर्माणाधीन अंडर ब्रिज के बगल से निकला वैकल्पिक रास्ता पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुका है। जगह- जगह पानी का ठहराव हो गया है और मिट्टी में गहरे टायर के निशान बता रहे है कि वाहनों को यहां से निकलने में कितनी मशक्कत करनी पड़ रही है। मिट्टी के बड़े- बड़े ढेर किनारे पड़े है और रास्ता कीचड़ युक्त हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुपहिया वाहन निकालना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। फिसलन के कारण बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे है।
स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। आपात स्थिति में एम्बुलेंस या अन्य बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि अगर मिनटों की हल्की सी बारिश में यह हाल है तो बरसात के दिनों में क्या स्थिति होगी? तेज बारिश में यह कच्चा मार्ग पूरी तरह बंद हो जाएगा। ऐसे में ग्राम अचानकपुर सहित आसपास के अनेकों गांवों का संपर्क सुतर्रा व कटघोरा मुख्यालय से टूट जाएगा।
इससे राशन, इलाज, स्कूल और रोजमर्रा के कामकाज बुरी तरह प्रभावित होंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे और ठेकेदार ने वैकल्पिक मार्ग तो बना दिया, लेकिन मानसून के पहले मुरुमीकरण या गिट्टी- बोल्डर डालकर उसे चलने लायक नही बनाया है। लोगों ने जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल इस कच्चे मार्ग पर मुरुम- गिट्टी डलवाकर समतलीकरण कराया जाए, ताकि बरसात में आवागमन बाधित न हो। साथ ही अंडर ब्रिज का काम भी तेजी से पूरा किया जाए।




