धमतरीनगरी

CG: बेलरगांव की बेटियों को मिली शिक्षा की नई रफ्तार, सरस्वती साइकिल योजना के तहत बांटी गईं साइकिलें..!

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलरगांव में छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य पी.सी. झा ने की। इस अवसर पर सरपंच, जनपद सदस्य, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है। शासन की इस योजना से दूरस्थ गांवों की छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी, जिससे पढ़ाई बीच में छूटने की संभावना भी कम होगी। उन्होंने छात्राओं से मेहनत कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरों पर उत्साह साफ दिखाई दिया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया और योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शासन का आभार व्यक्त किया।

बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई सरस्वती साइकिल योजना आज भी ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। बेलरगांव विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कई छात्राओं को साइकिल वितरित की गई, जिससे अब उनका स्कूल तक का सफर और आसान हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button