नगरीबेलरगांव

ATM से लेकर सोलर पैनल तक… बेलरगांव के बाल मेले में बच्चों ने दिखाया ऐसा टैलेंट, देखते रह गए लोग..!

नगरी बेलरगांव। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलरगांव में 14 नवंबर को बाल मेला (आनंद मेला) का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

बाल मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के साथ-साथ शैक्षणिक एवं विज्ञान आधारित मॉडल की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में एसबीआई एटीएम मॉडल, सौर ऊर्जा पैनल, अंतरिक्ष एवं विज्ञान से जुड़े मॉडल सहित विभिन्न रचनात्मक कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं।

विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल के माध्यम से उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों को दी। बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों में उनकी मेहनत, नवाचार और सीखने की ललक साफ नजर आई। वहीं विभिन्न व्यंजनों एवं अन्य गतिविधियों से जुड़े स्टॉल भी बाल मेले के विशेष आकर्षण रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बेलरगांव की सरपंच श्रीमती सीता नेताम रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नारद साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य नंदिनी साहू, उपसरपंच मोहनी साहू, शाला समिति उपाध्यक्ष चमेली कश्यप, असकरण पटेल, उमेश साहू, प्रियांशु प्रजापति, गजेंद्र नेताम, कुमारी बाई नेताम, मोरध्वज सेन, कमल साहू, चंद सोनी, व्याख्याता आर. देवांगन एवं मंच संचालक सुरेंद्र नेताम सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला। बाल मेले ने बच्चों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, आत्मविश्वास और सीखने की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button