छत्तीसगढ़

CG कमरे में मिले पति-पत्नी के शव, पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी, किराए के मकान में रहने थे दंपति, इलाके में फैली सनसनी……

बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगरसे सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां किराए के मकान में रहने वाले एक दंपति मृत अवस्था में मिले। कमरे के भीतर पति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि पत्नी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान अशोक देवांगन और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर कुल्हाड़ी से कई वार के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मोहल्ले के लोगों को घर से किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो परिजनों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। एक ओर पति का शव फंदे पर लटका हुआ था, जबकि दूसरी ओर पत्नी का शव कमरे में पड़ा मिला।

घटना के समय दंपति के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि बच्चों के बयान इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने में अहम साबित हो सकते हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही रह रहा था। ऐसे में पुलिस आर्थिक तंगी, व्यवसाय में नुकसान और पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button