छत्तीसगढ़

CG-लापता युवती की 10 दिन बाद 40 किमी दूर झाड़ियों में मिली लाश, कई सवालों में उलझी मौत…..

जगदलपुर। 10 दिन से लापता 22 वर्षीय युवती का शव करीब 40 किलोमीटर दूर घाटकवाली गांव के पास झाड़ियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। युवती की पहचान उसके कपड़ों, जैकेट और चप्पलों के आधार पर की गई। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मौत की वजह अब भी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय शिवांगी बघेल 15 नवंबर को खेत जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 18 नवंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

लापता होने के 10 दिन बाद, 25 नवंबर को घाटकवाली गांव स्थित अकेशिया प्लांटेशन की झाड़ियों में युवती का शव मिलने की सूचना मिली। शव की स्थिति खराब होने के कारण परिजनों ने मौके पर मिले कपड़े, जैकेट और चप्पल से उसकी पहचान शिवांगी बघेल के रूप में की।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती की मौत हत्या है या आत्महत्या। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। परिजनों ने युवती की मौत के कारणों की बारीकी से जांच करने की मांग उठाई है। युवती के पिता लखन बघेल और दादा नरसू बघेल ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की गुहार लगाई है।

Related Articles

Back to top button