CG – 3 सहेलियों की मौत : खेलते-खेलते तालाब पहुंचीं 3 मासूम सहेलियां, फिर हुआ दर्दनाक हादसा, तीनों की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) तालाब में नहाने गई थीं। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। तलाश के बाद तीनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तालाब के पास कपड़े-चप्पल, तैरता मिला शव
दरअसल उस दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। उनके परिजन काम पर गए हुए थे। दोपहर के समय तीनों तालाब नहाने गई थीं। काफी देर तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजन और ग्रामीण तालाब पर पहुंचे तो किनारे पर तीनों बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। संदेह गहराने पर तालाब में खोजबीन शुरू की गई।
जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चियां स्कूल जाने के बजाय तालाब में नहाने चली गई थीं। इसी दौरान गहरे पानी में सभी डूब गईं। स्कूल से नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। पता चला कि तीनों तालाब गईं थी। इसके बाद अलगू तालाब में उन्हें ढूंढने के प्रयास शुरू किया गया।
तालाब से तीनों के शव बरामद
घटना की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।
बताया जा रहा है कि जब तीनों सहेली नहाने गईं, उस दौरान तालाब पर कोई नहीं था। तालाब के पास ग्रामीण ने शव तैरता देखा। उसके बाद भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



