छत्तीसगढ़

CG- छात्रा की मौत: कार और स्कूटी के बीच भीषण भिड़ंत, हादसे में छात्रा की दर्दनाक मौत, दूसरे की हालत गंभीर…..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कूटी और कार की जोरदार भिड़ंत में एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, स्कूटी चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

जानिए घटना

जानकारी के मुताबिक, घटना भिलाई क्षेत्र के जवाहर उद्यान के पास की है। तालपुर बी ब्लाक निवासी 19 वर्षीय आक्षिता अवचट अपने परिचित आयुष साहू 18 वर्ष के साथ स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से निकले थे। इसी बीच जवाहर उद्यान के पास उनकी स्कूटी सामने से आ रही होंडा अमेज कार से टकरा गई।

हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में आक्षिता के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी। वहीं स्कूटी चला रहा आयुष साहू भी इस घटना में बुरी तरह घायल हो गया। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर उपचार के दौरान आक्षिता की मौत की पुष्टि डाॅक्टरों ने की। वहीं, गंभीर हालत में भर्ती आयुष का उपचार जारी है।

इधर, एक्सीडेंट की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और कार सवार युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में 32 वर्षीय अभिजीत धर ने पुलिस को बताया कि वो अपनी आठ वर्षीय बेटी और पत्नी के साथ सेक्टर 10 से सेक्टर 4 गरबा देखने जा रहा था। इसी दौरान जवहार उद्यान के पास स्कूटी के साथ टक्कर हो गई।

स्कूटी सवार छात्रा की मौत के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। साथ ही कार चालक से पूछताछ भी जारी है।

Related Articles

Back to top button