CG पिता-पुत्री की मौत : घर में सोते हुए पिता-पुत्री को सांप ने डंसा, दोनों की हुई दर्दनाक मौत, एक साथ दो अर्थी उठने से परिवार में पसरा मातम……

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सर्पदंश का मामला सामने आया है। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डंभाटोली गांव में जहरीले सांप के काटने से पिता और उसकी 4 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सांप के डसने के बाद परिजन तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराते रहे, जिससे इलाज में देरी हुई और दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डंभाटोली निवासी शनिचरा पैंकरा (36 वर्ष) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जमीन पर सो रहे थे। सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक जहरीला सांप बिस्तर पर चढ़ गया और उसने शनिचरा तथा उसकी 4 वर्षीय बेटी महंती को डस लिया। कुछ देर बाद शनिचरा की नींद खुली तो उसने बिस्तर पर सांप देखा। इसके बाद पिता और बेटी दोनों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजनों ने तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में झाड़-फूंक का सहारा लिया। इस दौरान कई घंटे बीत गए। सुबह करीब 4 बजे हालत गंभीर होने पर दोनों को शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 4 वर्षीय महंती को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में शनिचरा पैंकरा को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।



