CG- नौकरी पाने शिक्षक ने रची शाजिश, खुलासे के बाद तत्काल निलंबित; पूर्व MLA के बतौर निजी सचिव कर चुके हैं काम…..

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में प्रमाण पत्रों और अभिलेखों से जुड़े संदिग्ध मामलों को लेकर प्रशासनिक सख्ती तेज होती दिख रही है। बेमेतरा जिले के नवागढ़ क्षेत्र में कार्यरत शिक्षक एलबी हेमकांत यादव को निलंबित कर दिया गया है। पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे के निजी सचिव रह चुके हेमकांत के विरुद्ध जिला शिक्षा अधिकारी के 23 नवंबर के पत्र के आधार पर संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग दुर्ग ने अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद यह कार्रवाई की।
आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत यह निलंबन किया गया है। निलंबन काल के दौरान उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय साजा तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए डीईओ को एक सप्ताह के भीतर आरोप पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित प्रमाण पत्र की वास्तविकता विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस फर्जीवाड़े की चर्चा के बीच मुंगेली जिले में श्रवण बाधित (हियरिंग इम्पेयरमेंट) व अन्य दिव्यांग प्रमाण पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने वालों की शिकायतें भी लगातार सामने आती रही हैं। शिकायतकर्ताओं और दिव्यांग संगठनों का आरोप है कि फर्जी या संदिग्ध दिव्यांगता प्रमाण पत्रों के सहारे कई लोगों ने आरक्षण का लाभ लेकर नियुक्तियां पाईं, जिनमें शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के नाम भी चर्चा में रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर दस्तावेजों और मेडिकल बोर्ड के जरिए प्रमाण पत्रों की सत्यता परखने की कवायद तथा शिकायतों की जांच को लेकर दबाव बना हुआ है, ताकि वास्तविक पात्र दिव्यांगजनों के हक पर कोई आंच न आए।
नवागढ़ के शिक्षक के निलंबन और मुंगेली में दिव्यांग प्रमाण पत्रों से जुड़ी शिकायतों ने नियुक्तियों के समय होने वाले दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को कटघरे में ला खड़ा किया है। शिक्षक संगठनों की निगाहें बेमेतरा मामले में एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत होने वाले आरोप पत्र और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, वहीं मुंगेली में फर्जी प्रमाण पत्रों की शिकायतों पर होने वाली ठोस कार्रवाई का भी इंतजार किया जा रहा है।


