CG – क्या आप भी बिलासपुर की सड़कों पर भरते है फर्राटे हों जाए सावधान ओवर स्पीड रोकने इंटरसेप्टर ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर ओवरलोड पर बैन की तैयारी जानें सब कुछ पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//जिले में बढ़ते सड़क हादसों और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। पिछले 28 महीनों में अकेले ओवर स्पीड से 115 हादसे हुए जिनमें 43 लोगों की जान गई। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और सख्ती तीनों मोर्चों पर कार्रवाई शुरू की है।
1. 2 किमी दूर से पकड़ेगी ओवर स्पीड: इंटरसेप्टर वाहन तैनात..
बालौदा बाजार पुलिस की तर्ज पर बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस को भी हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन मिला है। डीएसपी अमृत कुजूर की अगुवाई में प्रशिक्षित टीम नेशनल और स्टेट हाईवे पर तैनात है। यह वाहन 2 किलोमीटर दूर से ही ओवर स्पीड, ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को पकड़ लेता है। एसपी ने साफ कहा है कि “लिमिट क्रॉस की तो पुलिस की रफ्तार से नहीं बचेंगे”।
2. 29 ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे ‘जान बचाने वाले’ बैरियर..
रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर सिमगा से बिलासपुर के बीच 29 डेंजर जोन चिन्हित किए गए हैं। यहाँ ट्रैफिक इम्पैक्ट एट्यूनेटर सिस्टम लगाया जा रहा है। NIT प्रोफेसर डॉ. गोवर्धन भट्ट के मुताबिक क्रशेबल मटेरियल और हाइड्रोलिक सिस्टम वाले ये बैरियर टक्कर का 80% असर कम कर देते हैं। साथ ही अंधे मोड़, मिटी हुई रोड मार्किंग, खराब रोशनी को भी ठीक किया जा रहा है। रम्बल स्ट्रिप, सोलर स्टड और बुल नोज बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
3. ग्रामीण सड़कों पर ओवरलोड हाईवा बैन होंगे..
बिलासपुर तहसील के नवाबगंज रोड पर 15 किमी का ग्रामीण संपर्क मार्ग भारी ओवरलोड वाहनों से जर्जर हो चुका है। आए दिन हादसों से परेशान होकर भाकियू और ग्रामीणों ने SDM को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क के एंट्री पॉइंट पर ‘नो-एंट्री’ बोर्ड और बैरियर लगाने की मांग की है। तहसीलदार ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।
4. आवारा पशुओं से हादसे रोकने रेडियम बेल्ट..
हाईवे पर बैठे मवेशियों से हो रहे हादसों को रोकने 614 पशुओं को रेडियम बेल्ट और 435 को ईयर टैग लगाए गए हैं। रात में ड्राइवर इन्हें दूर से देख सकेंगे। 10 कॉउ कैचर दल बनाकर 760 पशुओं को गोठान भेजा जा चुका है।
5. जागरूकता के लिए सिमुलेटर ट्रेनिंग..
परिवहन विभाग ने राज्योत्सव में ड्राइविंग सिमुलेटर से ट्रेनिंग शुरू की। 50 किमी/घंटा को सबसे सुरक्षित रफ्तार बताया गया। “राहवीर योजना” के तहत घायलों की मदद करने वालों को इनाम दिया जाएगा।
अभी भी चुनौती बरकरार..
मुंगेली-बिलासपुर हाईवे पर गड्ढों के कारण कार हादसे में 2 युवकों की मौत हुई। तखतपुर में ओवर स्पीड कार दीवार से टकराने से 3 लोगों ने जान गंवाई। कलेक्टर ने कहा कि अवैध रेत परिवहन के 87 वाहन जब्त किए गए हैं और कार्रवाई जारी रहेगी।




