CG- सड़क किनारे गूंजी किलकारी, पेट्रोलिंग टीम बनी देवदूत, सड़क किनारे महिला ने दिया बच्चे को जन्म……

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से एक गर्भवती महिला को समय पर मदद मिली। महिला अपने पति के साथ सोनोग्राफी और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने अस्पताल जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ऐसे में पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्य कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर प्रसव कराने में मदद की। सड़क किनारे ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया। राहत की बात यह है कि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। इस घटना में पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम टेंगनाबरपारा निवासी कुसुमलता सिन्हा अपने पति सतीश सिन्हा के साथ सोनोग्राफी और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने धमतरी जा रही थीं। इसी दौरान फागुनदहा चौक के पास उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति को देखते हुए वह सड़क किनारे बैठ गईं।
राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही आरक्षक मनोज मेश्राम, आरक्षक थमेंद्र देवांगन और वाहन चालक हीरेन्द्र साहू मौके पर पहुंचे। महिला की स्थिति को देखते हुए पेट्रोलिंग टीम ने पुरुर शासकीय अस्पताल से स्वास्थ्यकर्मियों को अपने वाहन से घटनास्थल तक पहुंचाया।
मौके पर पहुंचीं स्वास्थ्य विभाग की सीएचओ माधवी धुरु, स्टाफ नर्स भारती साहू और वार्ड आया यशोमति साहू ने प्रसव कराने में अहम भूमिका निभाई। स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से महिला ने सड़क किनारे ही एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया, जिसका वजन 3 किलो 200 ग्राम बताया गया है।
प्रसव के बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने जच्चा और नवजात को आगे की देखभाल के लिए पुरुर शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल दोनों की स्थिति सुरक्षित बताई गई है।



