CG Exam ब्रेकिंग : प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा, इस दिन होगी परीक्षा, 52 केंद्रों पर शामिल होंगे इतने अभ्यर्थी…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, रायपुर द्वारा प्रयोगशाला परिचारक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा (PSLA-26) का आयोजन रविवार, 26 जुलाई 2026 को किया जाएगा। रायपुर जिले में परीक्षा के लिए कुल 52 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 16 हजार 987 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की ब्रीफिंग मीटिंग ली। बैठक में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई को सुबह 6 बजे जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं रखने के निर्देश
अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने सभी पर्यवेक्षकों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पेयजल, बिजली और अभ्यर्थियों के बैठने की उचित व्यवस्था सहित सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही परीक्षा के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की होगी फ्रिस्किंग
परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक अभ्यर्थी की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले फ्रिस्किंग अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को इस प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।



