छत्तीसगढ़

CG – हृदयविदारक हादसा : काल बना करंट, चपेट में आया परिवार, दो बेटों और मां की मौत, एक साथ 3 अर्थियां उठने से गांव में शोक की लहर…..

तखतपुर। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाड़म में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके दो पुत्र शामिल हैं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौलअपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के उद्देश्य से GI तार एवं नायलॉन रस्सी के माध्यम से खेत की घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनके दो पुत्र विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। इसी दौरान तीनों किसी तरह करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतका के पति सीताराम सिंगरौल पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों पुत्र घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए और तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए।

प्रारंभिक जांच में घटना का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि, खेत की घेराबंदी के दौरान करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button