CG Heat Wave Alert : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का सितम, सड़कों पर पसरा सन्नाटा, स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव को लेकर जारी की एडवाइजरी….

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। तेज गर्मी के बीच गर्म हवाओं का थपेड़ा भी पड़ने लगा है। पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लू और हीट वेव का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचने के संबंध में जरुरी एडवाइजरी जारी कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने मौसम के रुख को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है, अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह विभाग ने दी है।
5 दिन हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है, आगामी पांच दिनों तक बिलासपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में हीट वेव चलने की प्रबल आशंका है। हालांकि राहत की बात यह है, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। यानी पारा मौजूदा स्तर के आसपास ही बना रह सकता है।
जानिए लू लगने के प्रमुख लक्षण
लू लगने पर तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी-मितली, सिरदर्द, बेहोशी और त्वचा का लाल व सूखा होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण महसूस होने पर व्यक्ति को तुरंत छांव या ठंडी जगह पर ले जाकर शरीर को ठंडा करना चाहिए।
साथ ही पानी या ORS पिलाने की सलाह दी गई है। स्थिति गंभीर होने पर मरीज को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने और डॉक्टर से इलाज कराने की सलाह दी गई है।
मौसमी फल और हरी सब्जियों का करें सेवन
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को दिनभर अधिक मात्रा में पानी, ORS, छाछ, नींबू पानी समेत अन्य तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है। तरबूज, खीरा, ककड़ी, मौसमी फल सहित हरी सब्जियों का सेवन ज्यादा मात्रा में करने कहा गया है।
धूप में बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंकने की सलाह दी गई है। इसके अलावा हल्के, ढीले कपड़े पहनने, खाली पेट धूप में बाहर नहीं निकलने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने चाय, कॉफी समेत अधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने की अपील की है।
इनका करें विशेष देखभाल
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है, बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं लू के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील होती हैं। ऐसे में उनका विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाने के लिए परिवार के सदस्यों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



