छत्तीसगढ़बेमेतरा जिला

CG:बेमेतरा जिले में अकीदत और भाईचारे के साथ मनी ईद- उल- अजहा नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की मांगी गई दुआ, जिलेभर में देर रात तक चलता रहा मुबारकबाद और दावतों का दौर

संजू जैन जिला संवाददाता बेमेतरा :7000885784

बेमेतरा :बेमेतरा जिले में त्याग, तपस्या और कुर्बानी के प्रतीक पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) को जिलेभर में शनिवार को पूरे धार्मिक उल्लास, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद मुस्लिम समाज के लोगों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही नए और पारंपरिक परिधानों में सजे अकीदतमंदों की भीड़ ईदगाहों और जामा मस्जिदों में उमड़ पड़ी, जहां विशेष नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी सौहार्द की दुआ मांगी गई। जिले के विभिन्न नमाज स्थलों पर प्रशासन एवं ईदगाह कमेटियों की ओर से पेयजल, टेंट-शामियाने और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। इमाम साहब की अगुवाई में नमाज अदा होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।ईद- उल- अजहा की रौनक केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रही, बल्कि थानखम्हरिया, देवकर, नांदघाट, सरदा, खण्डसरा, परपोड़ी, नवागढ़, कठिया-रांका, दाढ़ी, बारगांव, बासीन, खमतराई, बिरनपुर, मऊ-मलदा, कारेसरा, मोहगांव, हसदा, कोदवा और बेरला सहित जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भी पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
सुन्नत-ए-इब्राहिमी के तहत कुर्बानी की रस्म पूरी होने के बाद दोपहर से ही घरों में मेहमाननवाजी और दावतों का सिलसिला शुरू हो गया। शाम होते-होते पूरे जिले में त्योहार की रौनक और बढ़ गई। घर-घर से लजीज व्यंजनों की खुशबू फिजाओं में घुलती रही और लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की मुबारकबाद देते रहे। सुबह से देर रात तक चले मेल-मुलाकात, भाईचारे और मेहमाननवाजी के इस माहौल ने जिले में सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल पेश की।

Related Articles

Back to top button