छत्तीसगढ़

CG – कुछ सालों में ही कीचड़ और जानलेवा गड्ढों में तब्दील हुआ मानिकचौरी से आमगांव तक पहुंच मार्ग ग्रामीणों में आक्रोश इन कंपनियों पऱ आरोप पढ़े पूरी ख़बर

मस्तूरी//विकासखंड के मानिकचौरी से आमगांव तक बना पहुंच मार्ग महज कुछ सालों में ही पूरी तरह से बदहाल हो चुका है। कभी इस सड़क के बनने से ग्रामीणों में विकास की आस जगी थी, लेकिन आज यही सड़क कीचड़, जलभराव और गहरे गड्ढों में तब्दील होकर ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है।

ओवरलोड भारी वाहनों को मान रहे जिम्मेदार…

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की बड़ी-बड़ी कंपनियों की सैकड़ों हैवी गाड़ियां रोजाना क्षमता से अधिक भार लेकर इसी रोड से गुजरती हैं। ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की गिट्टी उखड़ गई है और जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए तो यह मार्ग किसी खतरे से कम नहीं है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इन कंपनियों के जिम्मेदार अधिकारी सड़क सुधार पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे सड़क की स्थिति दिन-ब-दिन बद से बदतर होती जा रही है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार पर भी घटिया निर्माण का आरोप लगाया है।

सरपंच पतियों ने जताई नाराजगी…

इस पूरे मामले को लेकर भटचौरा के सरपंच पति सुरेश पटेल ने कहा कि – _”रोड की इस दुर्दशा के लिए चाहे कोई भी जिम्मेदार हो, लेकिन इसका खामियाजा हम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। हमारा यही कहना है कि इस रोड से निकलने वाली गाड़ियों से संबंधित सभी कंपनियां तत्काल गड्ढों को भरने का काम करें, ताकि फिलहाल के लिए लोगों को राहत मिल सके।”_

वहीं आमगांव के सरपंच पति खेमराज पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि – _”सभी संबंधित कंपनियों और अधिकारियों को समय रहते इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए और जल्द से जल्द रोड को दुरुस्त कराना चाहिए। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो हम इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे।”_

आवागमन बाधित, हादसे का डर…

बारिश के बाद स्थिति और भी भयावह हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से गहराई का अंदाजा नहीं लगता और आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर कंपनियों से ही मरम्मत कराई जाए और ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाए।

Related Articles

Back to top button