CG – खम्हरिया-जेवरा नवापारा मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील सालों से परेशान ग्रामीण पीडब्ल्यूडी की अनदेखी से राहगीर भगवान भरोसे सफर करने को मजबूर पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी,सीपत//खम्हरिया बिलासपुर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर खम्हरिया से जेवरा नवापारा मुख्य मार्ग की हालत बदतर हो चुकी है। पिछले एक वर्ष से पूरी तरह क्षतिग्रस्त इस मार्ग पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों का चलना दूभर हो गया है।
सड़क की स्थिति ऐसी है कि जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों का गिरना और दुर्घटना होना रोज की बात हो गई है। स्कूली बच्चों, किसानों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार खबर प्रकाशित, फिर भी नहीं जागा विभाग…
इस समस्या को लेकर कई बार अखबारों एवं सोशल मीडिया में खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं,लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से सड़क की स्थिति दिन-ब-दिन और खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों ने दी चेतावनी…
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग को जल्द से जल्द खम्हरिया-जेवरा नवापारा मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए, वरना बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाएगी और बड़े हादसों से इंकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर भगवान भरोसे इस खतरनाक सड़क पर सफर करने को मजबूर हैं।




