CG- खूनी संघर्ष में बदला जमीन विवाद, भतीजे ने चाचा पर टांगिया से वार कर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार….

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पसान थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान भतीजे ने अपने 85 वर्षीय बुजुर्ग चाचा पर टांगिया से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से चाचा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया (सीपतपारा) निवासी बबन राम यादव (85 वर्ष) मवेशियों को चारा देने के लिए गया था। इसी दौरान उसके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव ने उस पर टांगिया से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बबन यादव की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि 85 वर्षीय बबन राम यादव की हत्या टांगिया से वार कर उसके भतीजे अशोक यादव उर्फ सोनू ने की है। उन्होंने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर चाचा और भतीजे के बीच पिछले करीब एक वर्ष से मनमुटाव चल रहा था। इसी विवाद के बीच जब बबन राम मवेशियों को चारा देने के लिए गया हुआ था, तभी आरोपी ने अपने चाचा पर हमला कर दिया।
मामले में पुलिस ने धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।



