CG- माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका! 5 खूंखार माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, जानें कितना था इनाम…..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक कुख्यात नक्सली समेत पांच माओवादियों ने आत्मसमर्पण करने के लिए पुलिस से संपर्क किया है। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि डिविजनल कमेटी के सदस्य चंदर कट्लम और एक महिला कैडर समेत चार अन्य नक्सलियों ने परतापुर इलाके में पुलिस के सामने हथियार डालने की इच्छा जताई है। हालांकि, इन सभी का औपचारिक आत्मसमर्पण अभी बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक, इसकी प्रक्रिया बाद में पूरी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राज्य सरकार की माओवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत इन लोगों को वित्तीय सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और स्वरोजगार तथा रोजगार के अवसर दिए जाएंगे, ताकि वे अपने जीवन को फिर से संवार सकें और समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। छत्तीसगढ़ को इस साल 31 मार्च को सशस्त्र माओवादी उपस्थिति से मुक्त घोषित किया गया था।
इस आत्मसमर्पण से एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के गुप्त ठिकाने से 3.84 किलोग्राम (330 तोला) सोना और 24,22,500 रुपये बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी थी।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर माओवादियों के गुप्त ठिकाने में सामग्री के भंडार के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और जिला बल के संयुक्त दल को अभियान पर रवाना किया गया था।
अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया गया। डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें 33 सोने के बिस्किट और टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोट के रूप में कुल 24,22,500 रुपये बरामद हुए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला था यानी कुल 330 तोला सोना बरामद किया गया जिसकी अनुमानित कीमत 4.39 करोड़ रुपये है। बरामद नकदी तथा सोने के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षाबलों के प्रयासों से की जा रही लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों से बरामद माओवादी ठिकानों से अब तक कुल 8,24,33,300 रुपये और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है।



