CG- जान से खिलवाड़ : दुकान छोड़ घर-घर इलाज का खेल! बैग में दवाइयां लेकर मरीजों के घर पहुंच रहे मेडिकल संचालक…..

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के मुरकौल क्षेत्र में मेडिकल की आड़ में मरीजों का इलाज करने की शिकायत ने स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि कुशवाहा मेडिकल के संचालक हंसलाल कुशवाहा मेडिकल चलाने के साथ मरीजों का उपचार भी कर रहे हैं। यदि यह शिकायत सही पाई जाती है तो यह मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है और इसकी तत्काल जांच की आवश्यकता है।
मुरकौल और आसपास के क्षेत्र में कुछ कथित आनंद कुशवाहा, सुभाष बंगाली झोलाछाप डॉक्टर द्वारा बैग में दवाइयां भरकर घर-घर जाकर मरीजों का उपचार करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा की कमी का फायदा उठाकर यदि बिना अधिकृत योग्यता के उपचार किया जा रहा है तो यह सीधे तौर पर मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी कुछ मेडिकल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, बावजूद इसके कथित रूप से नियमों की अनदेखी जारी है। वहीं गलत इलाज के बाद मौत होने की शिकायतें सामने आने का भी दावा किया जा रहा है। इन शिकायतों की स्वतंत्र और विभागीय जांच होना जरूरी है, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।



