CG – MBBS चाय वाला : छत्तीसगढ़ में डॉक्टर बने ‘चाय वाले’, अनोखे अंदाज में प्रदर्शन; इस मांग पर अड़े इंटर्न…..

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों का स्टायपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। डॉक्टर 4 अगस्त से हड़ताल और प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि मौजूदा 15 हजार रुपये के स्टायपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए।
इसी कड़ी में राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज के सामने आंदोलन के 14वें दिन इंटर्न डॉक्टरों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। डॉक्टर ‘एमबीबीएस चाय वाला’ बनकर सड़क पर उतरे और चाय बेचकर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर खींचा। डॉक्टरों का यह सांकेतिक प्रदर्शन सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
टी-स्टॉल लगाकर जताया विरोध
अपनी मांगों को लेकर इंटर्न डॉक्टर रोज अलग-अलग तरीकों से विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसी कड़ी में आज प्रदर्शन स्थल पर डॉक्टरों ने टी-स्टॉल लगाया और चाय बेचकर अपना विरोध जताया।
सरकार से जल्द मांगों के निराकरण की मांग
डॉक्टरों का कहना है कि एमबीबीएस की कठिन पढ़ाई और नीट की परीक्षा पास करने के बाद भी उन्हें दिन का मात्र 530 रुपये स्टायपेंड मिल रहा है, जबकि चाय बेचने वाला भी प्रतिदिन इससे अधिक कमाई कर लेता है। डॉक्टरों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द उनकी मांगों का निराकरण करे, ताकि वे वापस अपने काम पर लौट सकें।



