CG- MBBS छात्र ने की आत्महत्या : पीजी के कमरे में से लटकी मिली लाश, सुसाइड नोट में लिखा- मम्मी-पापा माफ करना….

भिलाई। शहर के स्मृति नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस थर्ड ईयर में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने पीजी के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई। छात्र की मौत से कॉलेज के विद्यार्थियों और परिचितों में भी दुख का माहौल है।
मृतक छात्र की पहचान अभिजीत देवांगन के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगी है।
दो विषयों में बैक लगने से था तनाव में प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिजीत पिछले कुछ समय से पढ़ाई को लेकर काफी मानसिक तनाव में था। परीक्षा में दो विषयों (सब्जेक्ट) में बैक लगने के बाद से वह काफी परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि उसने महज 10 दिन पहले ही स्मृति नगर क्षेत्र में किराए पर यह पीजी कमरा लिया था।
कमरे में फंदे पर लटका मिला शव घटना का पता तब चला जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर दरवाजा खोला गया, तो अभिजीत का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल स्मृति नगर चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कमरे से सुसाइड नोट जब्त कर लिया है, जिसमें अभिजीत ने अपने कदम के लिए “मम्मी-पापा माफ करना” लिखा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों व साथियों से पूछताछ कर आगे की जांच की जा रही है।



