छत्तीसगढ़

CG- ऑनलाइन ठगी का नया पैंतरा : APK लिंक खोलते ही खाली हो गया महिला का खाता, साइबर ठगों ने लाखों उड़ाए…..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक महिला के बैंक खाते से 5 लाख 58 हजार 348 रुपये पार कर दिए। शहर के गोधनपुर वार्ड में रहने वाली पीड़िता को ठगों ने अपना निशाना बनाया और खाते से लाखों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।

मामले की शिकायत मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब ऑनलाइन लेनदेन की जांच कर ठगी के तरीके और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

शांति गुप्ता पति सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता का अंबिकापुर स्थित एक बैंक में खाता है। वह अपने मोबाइल नंबर से फोन-पे चलाती हैं। दो नवंबर को जब वह फोन-पे से रुपये ट्रांसफर कर रही थीं, तो ट्रांसफर नहीं हो रहा था। जब उन्होंने बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो होश उड़ गए। उनके खाते में कुल 5,58,829 रुपये थे, लेकिन खाते में सिर्फ 481 रुपये शेष बचे थे। फोन-पे की हिस्ट्री चेक करने पर पता चला कि एक और दो नवंबर के बीच बैंक खाते से 5,58,348 रुपये अन्य खातों और ऐप में ऑनलाइन ट्रांसफर कर निकाले गए हैं।

पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल से उन्हें दो अक्नॉलेजमेंट नंबर प्राप्त हुए। जांच में पता चला कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई एक एपीके फाइल के माध्यम से लिंक भेजा गया था। अनजाने में उस लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल हैक हो गया और खाते से रकम पार हो गई।पीड़िता ने गांधीनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई।आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस एवं आइटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंबिकापुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल या लिंक पर क्लिक न करें। कोई भी बैंक या कंपनी एपीके फाइल के जरिए लिंक नहीं भेजती। इसलिए ऐसे लिंक पर कभी विश्वास नहीं करना चाहिए। ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।

Related Articles

Back to top button