छत्तीसगढ़

CG-पंचायत सचिव सस्पेंड, 12.14 लाख रुपये के कैश ट्रांजेक्शन समेत वित्तीय गड़बड़ियों पर कार्रवाई

बिलासपुर 5 अगस्त 2026। जिले के तखतपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत नगोई में वित्तीय अनियमितताओं और पंचायत नियमों की अनदेखी के आरोप में पंचायत सचिव तुलसी ध्रुव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला स्तरीय जांच में गंभीर गड़बड़ियां सामने आने के बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने यह कार्रवाई की। निलंबन अवधि के दौरान सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत मस्तूरी निर्धारित किया गया है।

जांच में सामने आईं कई गंभीर अनियमितताएं

जिला स्तरीय जांच दल की भौतिक सत्यापन रिपोर्ट के अनुसार पंचायत सचिव ने वित्तीय नियमों का उल्लंघन करते हुए 12 लाख 14 हजार 701 रुपये नकद निकालकर सामग्री खरीदी। जबकि नियमानुसार 10 हजार रुपये से अधिक का भुगतान चेक या बैंकिंग माध्यम से किया जाना चाहिए।

इसके अलावा नाली सफाई और निर्माण कार्यों में 1.88 लाख रुपये की मजदूरी बिना तिथि दर्ज किए भुगतान किए जाने का मामला सामने आया। जांच में यह भी पाया गया कि बिना हस्ताक्षर वाली पावती के आधार पर 4.81 लाख रुपये का व्यय दर्शाया गया।

बिना टेंडर हुई खरीदी

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि पंचायत में पंप सेट, स्ट्रीट लाइट और पाइप जैसी सामग्रियों की खरीदी बिना टेंडर प्रक्रिया अपनाए की गई। इतना ही नहीं, खरीदी गई सामग्री की स्टॉक रजिस्टर में एंट्री भी नहीं की गई।

16 में से 12 अनिवार्य रजिस्टर नहीं मिले

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि पंचायत में रखे जाने वाले 16 अनिवार्य रजिस्टरों में से 12 का संधारण ही नहीं किया गया था, जिसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना गया।

जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ प्रशासन

जिला पंचायत ने सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद पंचायत सेवा (आचरण) नियमों के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जिला पंचायत प्रशासन ने बताया कि सचिव द्वारा किए गए अन्य भुगतान और वित्तीय लेनदेन की भी विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button