धमतरी

धमतरी, नगरी और भिलाई के शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना, 18 वर्षों से जारी है आस्था की यात्रा..!

Chhattisgarh धमतरी पवित्र सावन माह में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से बुधवार को धमतरी शहर शिवमय हो उठा। धमतरी, नगरी एवं भिलाई के श्रद्धालुओं का विशाल कांवर यात्रा दल विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर, झारखंड) के लिए हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ रवाना हुआ। विशेष बात यह है कि यह कांवर यात्रा दल पिछले 18 वर्षों से लगातार बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा कर आस्था की इस परंपरा को निरंतर निभा रहा है।

यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने धमतरी के पुराना बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया तथा यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की प्रार्थना की। इसके बाद श्रद्धालु रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से वे साउथ बिहार एक्सप्रेस के माध्यम से बिहार के सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बाबा बैद्यनाथ की जय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सुल्तानगंज पहुंचने के बाद सभी शिवभक्त उत्तरवाहिनी मां गंगा में पवित्र स्नान कर गंगाजल अपनी कांवर में भरेंगे। इसके पश्चात वे लगभग 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा प्रारंभ करेंगे। विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए यह यात्रा देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार, समाज, प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करेंगे।

श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम की कांवर यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास के साथ अर्पित किया गया गंगाजल भगवान शिव अवश्य स्वीकार करते हैं तथा भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी आस्था और विश्वास के कारण हर वर्ष हजारों श्रद्धालु कठिन पदयात्रा कर बाबा के दरबार पहुंचते हैं।

धमतरी, नगरी एवं भिलाई से रवाना हुए इस विशाल कांवर यात्रा दल को परिजनों, मित्रों एवं शिवभक्तों ने पुष्पवर्षा, शुभकामनाओं और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भावभीनी विदाई दी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के चेहरे पर उत्साह, श्रद्धा, भक्ति और बाबा के दर्शन की अद्भुत उमंग साफ दिखाई दे रही थी।

यात्रा दल में प्रमुख रूप से विनोद गिरी, बाबू बम, प्रदीप पाण्डेय, युवराज शर्मा, बाबा ठाकुर, कृष्ण दिवान, सुनील निर्मलकर, टिप्सी ठाकुर, विनय सिंह, आतिश देवांगन, नरेंद्र साहू, केदार साहू, सागर तिवारी, समर्थ नायडू, रमाकांत सिंह, परमेश्वर साहू, डोमू केदार साहू सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button