CG-पटवारी-बाबू गिरफ्तार : ACB की बड़ी कार्रवाई, पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, कार्रवाई से मचा हड़कंप…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर एसीबी ने घूसखोर कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने रिश्वत लेते पटवारी और सीएसपीडीसीएल कार्यालय में पदस्थ बाबू को गिरफ्तार किया गया है। दोनों अलग-अलग मामले में शिकायतकर्ताओं से घूस ले रहे थे।
पटवारी गिरफ्तार
दरअसल, पीड़ित अशोक अग्रवाल निवासी रतनपुर द्वारा ACB बिलासपुर में शिकायत किया था कि अपने जमीन का नक्शा बटांकन करने के लिए करीब एक वर्ष पूर्व तहसीलदार कार्यालय रतनपुर में आवेदन दिया था। इस कार्य करने के लिए तहसीलदार रतनपुर द्वारा लालपुर पटवारी को आदेश किया गया था। कार्य करने के लिए प्रार्थी द्वारा लालपुर पटवारी भानु चंद्राकर से संपर्क किया। इस दौरान पटवारी द्वारा प्रार्थी से 40,000 रुपए रिश्वत की मांग की गई थी।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत का सत्यापन कराने पर शिकायत सही पाई गई और सत्यापन में मोलभाव करने पर आरोपी द्वारा 25,000 रुपये लेने की सहमति बनी। आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से आरोपी पटवारी भानु चंद्राकर को 25,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
प्रार्थी त्रिलोकी साहू, निवासी ग्राम पारघाट जिला बिलासपुर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत दर्ज करवाया था। शिकायत में उसने बताया कि उसके ग्राम पारघाट स्थित करीब एक एकड़ कृषि जमीन में शासन की योजना के तहत् निःशुल्क विद्युत पोल लगवाना था। इसके लिए सीएसपीडीसीएल कार्यालय मस्तूरी में आवेदन दिया था। इस दौरान कार्यालय में पदस्थ बाबू सहदेव कुमार चंद्रा द्वारा पोल लगाने का प्रोसेस करने के एवज में 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन पर सही पाये जाने से आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से आरोपी बाबू सहदेव कुमार चंद्रा को 10,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् आगे की कार्रवाई की जा रही है।


