CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में फिर बरसेंगे बदरा, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे, जबकि बस्तर संभाग में कई जगहों पर जोरदार बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।
नारायणपुर में झमाझम बारिश
बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा बारिश बस्तर संभाग में हुई है। नारायणपुर में तो 179.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी। इसके अलावा कांकेर में 162 मिमी, बस्तर में 161 मिमी और बलरामपुर-रामानुजगंज में 135.4 मिमी पानी बरसा है। बाकी संभागों जैसे रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ी हैं। इस बीच अंबिकापुर 32.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म और जगदलपुर 21.7 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर का हाल
अगर आप रायपुर में रहते हैं या आज बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो छाता साथ रखना न भूलें। रायपुर में आज दिन भर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।
जानिए अगले 5 दिनों का वेदर अपडेट
मौसम विभाग की मानें तो 25 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होगी और बिजली गिरने का खतरा रहेगा। 26 और 27 अगस्त को भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एकाध जगह भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 28 और 29 अगस्त को बारिश थोड़ी धीमी तो पड़ेगी, लेकिन बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रहेगा। राहत की बात यह है कि अगले पांच दिनों तक दिन के तापमान में कोई बड़ा उछाल देखने को नहीं मिलेगा।
वज्रपात से बचने के लिए मौसम विभाग की चेतावनी
तेज बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) की आशंका को देखते हुए मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को अलर्ट रहने को कहा है। बारिश या कड़कड़ाती बिजली के दौरान खुले मैदानों, खेतों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बिल्कुल बचें। किसी पक्के मकान या सुरक्षित जगह में शरण लें और बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल कम से कम करें ताकि कोई हादसा न हो।



