छत्तीसगढ़

CG Rain Alert: छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी, कई इलाकों में झमाझम बरसेंगे बादल, जाने कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा दबाव कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ में थंडरस्क्वॉल के दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई थी।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोंटा में सर्वाधिक 80 मिमी बारिश हुई। वहीं तोंगपाल और छिंदगढ़ में 70-70 मिमी, बास्तानार और बिहारपुर में 60-60 मिमी तथा बड़े बचेली, दोरनापाल और सुकमा में 50-50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

26 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 26 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। 27 और 28 सितंबर को प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 29 और 30 सितंबर को बारिश अपेक्षाकृत बिखरी हुई रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button