CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में 20 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, इन जिलों में अलर्ट जारी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार 15 सितंबर को मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रह सकता है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर, सूरजपुर, सरगुजा, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में भारी बारिश के साथ आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। दिन में एक-दो बार हल्की बौछारें या बारिश देखने को मिल सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर लगभग 68 प्रतिशत रहेगा, जिससे हल्की उमस का अहसास भी हो सकता है।
16 और 17 सितंबर को मौसम का हाल
16 और 17 सितंबर को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ नहीं होगा। विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से दोनों दिन एक-दो स्थानों पर चमक-गरज के साथ वज्रपात होने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे रुकने से बचें।
18 सितंबर को कैसा रहेगा आपके इलाके का मौसम
18 सितंबर को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दिन भी एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। पूरे दिन बादलों की आवाजाही लगी रहेगी, जिससे तापमान में बहुत ज्यादा बढ़त देखने को नहीं मिलेगी और दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
19 सितंबर से बढ़ेगा बारिश का दायरा
19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। बारिश का दायरा बढ़ते हुए राज्य के अधिकांश हिस्सों को अपनी चपेट में ले लेगा। इस दिन प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश देखने को मिलेगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि 19 सितंबर के लिए मौसम विभाग की ओर से बिजली गिरने या भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
20 सितंबर को भारी बारिश की संभावना
20 सितंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हफ्ते के आखिरी दिन मौसम फिर करवट लेगा और राज्य के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में पूरे हफ्ते प्रदेशवासियों को झमाझम बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी।



