CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब डीप डिप्रेशन में बदलने की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 और 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
23 और 24 सितंबर को भारी बारिश
डिप्रेशन मंगलवार सुबह 11:30 बजे पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास था। यह गोपालपुर से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अगले 12 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार यह 23 सितंबर की रात तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच से गुजर सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। दक्षिण छत्तीसगढ़ में 23 और 24 सितंबर को बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
दिन भर छाए रहे बादल
रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 और न्यूनतम 1.9 डिग्री अधिक रहा। बुधवार को रायपुर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।



