अन्य ख़बरें

CG- घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार,मोबाइल पर बातचीत और मैसेज को लेकर हुआ था विवाद..!

Chhattisgarh धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के करेलीबड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम धौराभाटा में घर में घुसकर परिवार के सदस्यों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मोबाइल पर बातचीत और मैसेज करने की बात को लेकर विवाद के बाद घर में जबरन घुसकर लाठी-डंडों और छाता से परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी। मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे और एक छाता भी जब्त किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मोबाइल पर बातचीत और मैसेज को लेकर हुआ विवाद…

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धौराभाटा निवासी नारद लहरे, उम्र 46 वर्ष ने चौकी करेलीबड़ी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 22 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे।

इसी दौरान गांव के रहने वाले पूरन महिलांगे, टोमन महिलांगे और दाऊ लाल महिलांगे कथित तौर पर एक राय होकर लाठी-डंडा लेकर उनके घर में पहुंचे। आरोप है कि मोबाइल पर बातचीत और मैसेज करने की बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।

पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान प्रार्थी नारद लहरे के सिर में चोट आई। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी लाठी-डंडों और छाता से मारपीट किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला…

शिकायत के आधार पर थाना मगरलोड और चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया,मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।

दो डंडे और छाता जब्त…

पुलिस के मुताबिक पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 लकड़ी के डंडे और 01 छाता जब्त किया।

इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी…1. पूरन महिलांगे,पिता – दाऊ लाल महिलांगे,उम्र – 29 वर्ष…निवासी – ग्राम धौराभाटा, वार्ड क्रमांक 04, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी।
2. टोमन महिलांगे,पिता – दाऊ लाल महिलांगे,उम्र – 24 वर्ष…निवासी – ग्राम धौराभाटा, वार्ड क्रमांक 04, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी।
3. दाऊ लाल महिलांगे,पिता – स्व. भाऊ राम महिलांगे,उम्र – 60 वर्ष…निवासी – ग्राम धौराभाटा, वार्ड क्रमांक 04, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई…

पुलिस के अनुसार, एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत करेलीबड़ी पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button