CG- स्कूल बस पलटी : बच्चों को छोड़ने जा रही स्कूल बस खेत में पलटी, अचानक जाम हुआ स्टेयरिंग, मौके पर मची चीख पुकार……

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बच्चों को छोड़ने जा रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे के वक्त बस में बच्चे सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा कैसे हुआ और बच्चों को कितनी चोटें आई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
जानिए पूरा मामला
घटना जिले के ग्राम दामापुर एवं कापादाह की है। सनराइज पब्लिक स्कूल बिसेसरा की स्कूल बस आज दोपहर बच्चों को छोड़ने के लिए निकली थी। बस ग्राम दामापुर एवं कापादाह के पास पहुंची थी। इसी बीच अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क से लगे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और बस के अंदर फंसे बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें सूरक्षित बाहर निकाला गया। घायल बच्चों को उपचार के लिए तत्काल 112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी पंडरिया में भर्ती कराया गया।
बस का स्टेयरिंग जाम
डाॅक्टरों के मुताबिक, बच्चों को हादसे में मामूली चोटें आई हैं। बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में पता चला हैं कि बस का स्टेयरिंग अचानक जाम हो जाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। फिलहाल मामले में बस के चालक से पूछताछ की जा रही है।



