CG – कानून व्यवस्था और आपातकालीन पुलिस सेवा को अधिक सशक्त बनाने विशेष कार्यक्रम का आयोजन 15 नए डायल 112 वाहन एवं 4 पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना पढ़े पूरी ख़बर
महासमुंद//जिले की कानून व्यवस्था और आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में आज परसदा स्थित पुलिस लाइन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 15 नए डायल 112 वाहन एवं 4 पेट्रोलिंग वाहनों को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी वाहनों को जिले के अलग-अलग थाना एवं संवेदनशील क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया, जिससे आपातकालीन सहायता और पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी।
इसी कड़ी में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा आम जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई डायल 112 और पेट्रोलिंग वाहनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध होगी। इससे अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में तत्काल मदद और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
विधायक ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण और मजबूत होगा। वहीं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस ये वाहन आपात स्थिति में तेजी से मौके पर पहुंचकर लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध होगा ।




