CG – मुक्तिधाम में पशु की बलि देकर किया तांत्रिक क्रिया और जादू टोना! खून, नींबू, मछली और अंडे मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में डर का माहौल……

दुर्ग। जिले के कचांदुर गांव से तांत्रिक क्रिया और जादू टोना का मामला सामने आया है। मुक्तिधाम में शनिवार सुबह खून के निशान, नींबू, मछली, अंडे और अन्य पूजा सामग्री मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह वहां पहुंचे ग्रामीणों ने यह नजारा देखा तो हैरान रह गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। गांव के सरपंच का दावा है कि मुक्तिधाम में सूअर के बच्चे की बलि दी गई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
सरपंच ने बताया कि सुबह मुक्तिधाम में रेलिंग लगाने के लिए भेजे गए दो मजदूरों ने वहां बिखरी पूजा सामग्री और खून के निशान देखकर उन्हें सूचना दी। इसके बाद पुलिस चौकी को मामले की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों का अनुमान है कि रात के समय किसी ने मुक्तिधाम में तंत्र-मंत्र से जुड़ी पूजा की होगी। सुबह जब लोग वहां पहुंचे तो जमीन पर खून फैला हुआ था और पूजा में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री बिखरी पड़ी थी। इसके बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बैगा ने तंत्र-मंत्र से जुड़ी पूजा की होगी। पूजा पूरी होने के बाद वह वहां से चला गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पूजा किस उद्देश्य से की गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों में डर और उत्सुकता का माहौल है।



